CG: Elephant kills a woman who went to collect Mahua, one person seriously injured
छत्तीसगढ़ : रायगढ़ वनमंडल के तमनार वन परिक्षेत्र में हाथी के हमले से एक महिला की मौत की खबर है। महिला को कुचलने के बाद हाथी ने 1 किलोमीटर दूर एक व्यक्ति को भी पकड़ लिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। घायल व्यक्ति को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। घटना आज सुबह 8:00 बजे झिंगौल गांव के पास जंगल में हुई। मिली जानकारी के अनुसार कलावती पत्नी सुखसिंह राठिया उम्र करीब 50 वर्ष आज सुबह गांव की कुछ महिलाओं के साथ महुआ बीनने जंगल जा रही थी। सभी लोग पहाड़ चढ़ रहे थे, तभी हाथी पहाड़ से गांव की ओर आ रहा था। हाथी को देखकर कुछ महिलाएं तो भाग गईं, लेकिन कलावती हाथी के चंगुल में फंस गई, फिर हाथी ने महिला को कुचलकर मार डाला।
वहीं महिला को कुचलने के बाद हाथी ने एक किलोमीटर दूर एक व्यक्ति को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया। उसे इलाज के लिए तमनार अस्पताल भेजा गया है। घायल व्यक्ति आमघाट का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस और वन विभाग की टीम आगे की कार्रवाई कर रही है।